पार्सल के बहाने बुलाया, फिर किया अगवा; 48 घंटे बाद भी नहीं मिला युवक, सात लाख की फिरौती से परिवार दहशत में
प्रतापगढ़ के महेशगंज थाना क्षेत्र में पार्सल डिलीवरी के बहाने युवक के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। 48 घंटे बाद भी युवक का सुराग नहीं मिला है। बदमाशों ने 7 लाख रुपये की फिरौती मांगी, पुलिस सर्विलांस और एसओजी की मदद से जांच में जुटी है।

प्रतापगढ़। महेशगंज थाना क्षेत्र में पार्सल डिलीवरी के नाम पर युवक के कथित अपहरण और सात लाख रुपये की फिरौती मांगने का मामला 48 घंटे बाद भी पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। युवक का अब तक कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों की चिंता बढ़ गई है, जबकि बदमाशों की धमकी से पूरा परिवार दहशत में है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने सर्विलांस और स्पेशल टीम को सक्रिय कर दिया है।
रायगढ़ गांव निवासी सुल्तान हुसैन के अनुसार, उनके भाई गुलफाम के मोबाइल पर 22 जुलाई की दोपहर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को पार्सल डिलीवरी से जुड़ा बताते हुए लखनऊ-प्रयागराज हाईवे स्थित रायगढ़ के पास पार्सल लेने के लिए बुलाया। भरोसा कर गुलफाम मौके पर पहुंच गया, लेकिन उसके बाद से वह लापता हो गया।
परिजनों का आरोप है कि कुछ ही देर बाद बदमाशों ने फोन कर गुलफाम के अपहरण की जानकारी दी और उसकी रिहाई के एवज में सात लाख रुपये की फिरौती मांगी। रकम न देने पर युवक को जान से मारने और हमेशा के लिए गायब कर देने की धमकी भी दी गई। धमकी मिलने के बाद से परिवार के लोग भय और अनिश्चितता के माहौल में हैं।
परिजन गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और पूरे घटनाक्रम से अवगत कराते हुए युवक की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने तत्काल सर्विलांस, एसओजी और स्थानीय पुलिस को सक्रिय किया है। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल, लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी है।
यह घटना एक बार फिर साइबर और फर्जी कॉल के जरिए लोगों को जाल में फंसाने वाले गिरोहों की सक्रियता की ओर इशारा कर रही है। सवाल यह भी उठ रहा है कि यदि पार्सल के बहाने युवक को बुलाया गया, तो बदमाशों के पास उसकी व्यक्तिगत जानकारी कैसे पहुंची।
एसपी दीपक भूकर का कहना है कि पुलिस सभी पहलुओं पर तेजी से जांच कर रही है। युवक की सकुशल बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने का दावा किया गया है।





