प्रतापगढ़: दिलीपपुर थानाध्यक्ष लाइन हाजिर, एसपी ने विभागीय जांच के साथ दो थाना प्रभारियों का किया तबादला
प्रतापगढ़ में पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने दिलीपपुर थानाध्यक्ष बलराम सिंह को कर्तव्यों में घोर लापरवाही के आरोप में लाइन हाजिर कर विभागीय जांच शुरू कर दी। साथ ही प्रशासनिक फेरबदल करते हुए दो थाना प्रभारियों के कार्यक्षेत्र भी बदल दिए।

प्रतापगढ़। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। कर्तव्यों के निर्वहन में घोर लापरवाही, शिथिलता, उदासीनता और स्वेच्छाचारिता के आरोपों पर दिलीपपुर थानाध्यक्ष बलराम सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। उनके विरुद्ध विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस विभाग के अनुसार जांच में प्रथम दृष्टया आरोपों की पुष्टि होने पर यह कार्रवाई की गई है। एसपी ने स्पष्ट किया है कि जनपद में किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही अथवा अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच के बाद नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ने प्रशासनिक दृष्टि से दो थाना प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया है। प्रभारी निरीक्षक रानीगंज विजयकांत सत्यार्थी को दिलीपपुर का नया प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है, जबकि क्राइम ब्रांच में तैनात निरीक्षक प्रदीप कुमार को रानीगंज थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।
पुलिस महकमे में इस कार्रवाई को अनुशासन और कार्यकुशलता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





