ताज़ा ख़बरफतेहपुर

फतेहपुर में गुलाबी गैंग का हल्ला बोल: काली पट्टी बांध कलेक्ट्रेट पहुंचीं महिलाएं, पेपर लीक मामले में मुआवजे और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

फतेहपुर में गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की महिलाओं ने काली पट्टी बांधकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। संगठन ने पेपर लीक पीड़ितों को मुआवजा, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और छात्रों पर कार्रवाई की जांच की मांग की।

फतेहपुर।

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में गुरुवार को गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की महिलाओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन की संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर काली पट्टी बांधकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई कथित पुलिस कार्रवाई का विरोध जताया।

प्रदर्शन के बाद संगठन की ओर से राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया। इसके साथ ही स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को पांच सूत्रीय मांग पत्र भी दिया गया।


जंतर-मंतर पर कार्रवाई का जताया विरोध

गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की महिलाओं ने आरोप लगाया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया।

संगठन ने इस कार्रवाई की न्यायिक जांच कराने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।


पेपर लीक पीड़ित परिवारों को 1 करोड़ मुआवजे की मांग

राष्ट्रपति को भेजे गए ज्ञापन में संगठन ने मांग की कि पेपर लीक के कारण मानसिक तनाव में आकर आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए I परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए इसके अलावा संगठन ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की भी मांग उठाई।


गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने की मांग

ज्ञापन में गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक ने गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिए जाने की मांग भी रखी।

संगठन ने कहा कि छात्र, महिलाएं और किसान से जुड़े मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से कदम उठाने चाहिए।


स्थानीय समस्याओं को लेकर डीएम को सौंपा मांग पत्र

प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में फतेहपुर की स्थानीय समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया।

अघोषित बिजली कटौती बंद की जाए  किसानों को यूरिया और डीएपी खाद की उपलब्धता सुनिश्चित हो

जल जीवन मिशन की अधूरी परियोजनाएं पूरी कराई जाएं प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र वंचित लोगों का दोबारा सर्वे कराया जाए

धान की सिंचाई के लिए नहरों में टेल तक पानी पहुंचाया जाए


‘छात्रों, बेटियों और किसानों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं’

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए हेमलता पटेल ने कहा कि छात्रों, बेटियों और किसानों के साथ अन्याय किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक पूरे उत्तर प्रदेश में व्यापक आंदोलन करेगा।


बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता रहीं मौजूद

प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष सरला सिंह, जिला उपाध्यक्ष मरियम जहां, महासचिव संयोगिता वर्मा, हसवा ब्लॉक अध्यक्ष मीना सिंह, उपाध्यक्ष संगीता देवी सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

Shivram Giri

शिवराम गिरि वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 17 वर्षों का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दैनिक जागरण, अमर उजाला और भारत समाचार जैसे देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। पत्रकारिता के हर माध्यम पर उनकी मज़बूत पकड़ उन्हें मीडिया जगत में एक विश्वसनीय आवाज बनाती है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी पहचान है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button