
लालगंज, प्रतापगढ़। कोतवाली क्षेत्र के बरीबोझ गांव में 26 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति समेत सात लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बरीबोझ गांव निवासी साहिल चौरसिया की पत्नी प्रियंका सोमवार रात घर में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली थीं। परिजन उन्हें तत्काल लालगंज ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए।
इसी दौरान रानीगंज थाना क्षेत्र के पूरे गोसाई गांव से पहुंचे मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना पर मंगलवार शाम पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के पिता सभाजीत चौरसिया की तहरीर पर पुलिस ने पति साहिल चौरसिया, सास, ससुर, तीन जेठ और एक देवर के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
लालगंज कोतवाली प्रभारी आलोक कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।





