ताज़ा ख़बरप्रतापगढ़

20 की उम्र में खाकी का सपना किया साकार, दरोगा बने दिवाकर का गांव ने किया भव्य सम्मान

प्रथम प्रयास में उपनिरीक्षक बने दिवाकर सिंह यादव का ग्राम प्रधान अर्जुन मौर्य ने किया नागरिक अभिनंदन, बोले— गांव की प्रतिभाओं का सम्मान ही युवाओं को देता है नई उड़ान

मानिकपुर, प्रतापगढ़। गांव की प्रतिभाओं को सम्मानित कर युवाओं में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास जगाने की अनूठी पहल करते हुए बड़गौं अमहरा ग्राम प्रधान अर्जुन मौर्य ने उत्तर प्रदेश पुलिस में प्रथम प्रयास में उपनिरीक्षक (दरोगा) पद पर चयनित हुए युवा दिवाकर सिंह यादव का भव्य नागरिक अभिनंदन कराया। समारोह में ग्रामीणों ने माल्यार्पण, अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान अर्जुन मौर्य ने कहा कि सफलता संयोग नहीं, बल्कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम होती है। उन्होंने कहा कि गांव की माटी से निकलकर महज 20 वर्ष की आयु में खाकी वर्दी तक का सफर तय करने वाले दिवाकर सिंह यादव ने पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। ऐसे होनहार युवाओं का सम्मान समाज का दायित्व है, ताकि अन्य युवा भी उनसे प्रेरणा लेकर अपने सपनों को साकार करने का संकल्प लें।

सम्मान से अभिभूत दिवाकर सिंह यादव ने ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर मेहनत, अनुशासन, सकारात्मक सोच और सही दिशा में किया गया प्रयास ही मंजिल तक पहुंचाता है। उन्होंने युवाओं से लक्ष्य निर्धारित कर पूरी निष्ठा और लगन के साथ तैयारी करने का आह्वान किया।

मां ज्वालामुखी देवी मंदिर ट्रस्ट के सचिव डॉ. विजय यादव ने कहा कि दिवाकर सिंह यादव की उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवेश में रहकर भी बड़े सपने पूरे किए जा सकते हैं। दिवाकर की सफलता इस बात का प्रमाण है कि संसाधनों की कमी नहीं, बल्कि मजबूत इरादे सफलता की सबसे बड़ी कुंजी होते हैं।

समारोह में एडवोकेट राजीव मिश्रा, अनिल मिश्रा ‘पिंटू’, संतलाल सरोज, वरुण कुमार मिश्रा, रामनरेश पटेल, अमीन संघ अध्यक्ष राम निहोर यादव, राजेंद्र प्रसाद यादव, छोटेलाल यादव, चौधरी जगत यादव, जियालाल यादव, राघव राम यादव, आलोक सिंह यादव (एडवोकेट), डी.एन. मिश्रा, शाहबाज खान, संजय यादव, शुभम यादव, प्रभाकर यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान दिवाकर की सफलता पर पूरे गांव ने गर्व व्यक्त किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Deena Nath Mishra

डीएन मिश्रा दैनिक पॉड में प्रतापगढ़ के मानिकपुर क्षेत्र से संवाददाता हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे प्रतापगढ़ की स्थानीय खबरों, अपराध, प्रशासन, राजनीति, शिक्षा पर अच्छी पकड़ रखते हैं। रीजनल समाचारों की गहरी समझ और विश्वसनीय कवरेज के लिए उनकी पहचान है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button