कौशांबीताज़ा ख़बरबड़ी खबर

50 लाख का गांजा बरामद: ओडिशा से लग्जरी कार में ला रहे थे तस्कर, ANTF और पुलिस ने दो को दबोचा

कौशांबी में ANTF प्रयागराज और कोखराज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा से लाई जा रही 100 किलो गांजे की खेप बरामद की। 50 लाख रुपये कीमत का गांजा और लग्जरी कार जब्त, फतेहपुर के दो तस्कर गिरफ्तार।

कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को बड़ी सफलता मिली। कोखराज थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) प्रयागराज की संयुक्त टीम ने ओडिशा से लग्जरी कार में गांजे की खेप लेकर जा रहे दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से करीब 100 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये बताई जा रही है।

टोल प्लाजा के पास दबोचे गए तस्कर
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर कोखराज थाना क्षेत्र के टोल प्लाजा के पास चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान संदिग्ध लग्जरी कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। टीम ने मौके से कार जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

फतेहपुर के रहने वाले हैं आरोपी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अयान उर्फ गयासु पुत्र एजाज अहमद और राहुल कुमार पुत्र रमेश, निवासी थाना हथगांव, जनपद फतेहपुर के रूप में की है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों ओडिशा से गांजे की खेप लेकर उत्तर प्रदेश में सप्लाई करने जा रहे थे।

SP बोले- पूरे नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने प्रेस वार्ता में बताया कि बरामद गांजे की कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश के लिए जांच तेज कर दी गई है।

मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान जारी
पुलिस का कहना है कि प्रदेश में नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई को अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Shivram Giri

शिवराम गिरि वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 17 वर्षों का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दैनिक जागरण, अमर उजाला और भारत समाचार जैसे देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। पत्रकारिता के हर माध्यम पर उनकी मज़बूत पकड़ उन्हें मीडिया जगत में एक विश्वसनीय आवाज बनाती है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी पहचान है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button