संत कबीर राज्य हथकरघा पुरस्कार 2026-27: मेरठ के मनोज गुप्ता प्रथम, बागपत के दो बुनकरों को भी सम्मान
मेरठ में जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में संत कबीर राज्य हथकरघा पुरस्कार 2026-27 के लिए मेरठ के मनोज गुप्ता को प्रथम तथा बागपत के इस्लामुद्दीन और प्रमोद कुमार को क्रमशः द्वितीय व तृतीय पुरस्कार के लिए चयनित किया गया।

मेरठ। हथकरघा बुनकरों के उत्कृष्ट कार्य को सम्मानित करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह की अध्यक्षता में बुनकर पुरस्कार चयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेरठ एवं सहारनपुर मंडल के बुनकरों द्वारा तैयार किए गए उत्कृष्ट वस्त्रों और सैंपलों का मूल्यांकन कर संत कबीर राज्य हथकरघा पुरस्कार योजना 2026-27 के तहत परिक्षेत्रीय स्तर के विजेताओं का चयन किया गया।
समिति ने मेरठ के मनोज गुप्ता को प्रथम पुरस्कार, बागपत के इस्लामुद्दीन को द्वितीय पुरस्कार तथा बागपत के प्रमोद कुमार को तृतीय पुरस्कार के लिए चयनित किया। चयनित बुनकरों को क्रमशः 20 हजार, 15 हजार और 10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
बैठक में हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह पुरस्कार योजना पारंपरिक हथकरघा उद्योग को बढ़ावा देने, बुनकरों को प्रोत्साहित करने और उत्कृष्ट उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से संचालित की जाती है।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, पश्चिमी क्षेत्र मेरठ-सहारनपुर मंडल के परिक्षेत्रीय सहायक आयुक्त हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग अरविन्द कुमार सिंह, बुनकर सेवा केंद्र मेरठ, यूपी हैंडलूम कॉर्पोरेशन, यूपिका, उद्योग विभाग के अधिकारी तथा नामित बुनकर प्रतिनिधि मौजूद रहे।





