ताज़ा ख़बरप्रतापगढ़

मवेशी चोर गिरोह का पर्दाफाश, चार शातिर गिरफ्तार; चोरी का पड़वा और चार जिंदा बम बरामद

प्रतापगढ़ के लीलापुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मवेशी चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से चोरी का पड़वा और चार जिंदा देशी बम बरामद हुए। मामले में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।

प्रतापगढ़। थाना लीलापुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मवेशी चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गया एक पड़वा तथा चार जिंदा देशी बम बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मामले में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराएं भी बढ़ा दी गई हैं।

पुलिस के अनुसार घूरीपुर गांव निवासी एक किसान ने तहरीर देकर बताया था कि 16/17 जुलाई की रात 5-6 बदमाश उनके घर के सामने बंधे मवेशियों को सफेद रंग की डाला गाड़ी में लादकर चोरी करने का प्रयास कर रहे थे। शोर होने पर बदमाश दो भैंस छोड़कर एक पड़िया और एक पड़वा लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने वाहन का नंबर नोट कर पुलिस को सूचना दी, जिस पर थाना लीलापुर में मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय और क्षेत्राधिकारी लालगंज राजीव द्विवेदी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी अमला सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कालीदीन का पुरवा जंगल के पास से सद्दाम उर्फ कल्लू, नितीन सरोज, निखिल सरोज और चाँद बाबू उर्फ नानभईया को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि उन्होंने रात में मवेशी चोरी की थी। ग्रामीणों के जाग जाने पर दो भैंस छोड़कर पड़वा और पड़िया लेकर भाग गए थे। पकड़े जाने के डर से दोनों मवेशियों को जंगल में बांध दिया था। जब वे उन्हें लेने पहुंचे, तब पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

आरोपितों ने यह भी बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वे अपने पास देशी बम रखते थे ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें फेंककर भाग सकें।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी गया एक पड़वा और चार जिंदा देशी बम बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं के साथ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4/5 भी बढ़ाकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Girijesh Tiwari

गिरिजेश तिवारी वरिष्ठ एवं मान्यता प्राप्त पत्रकार हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया में लंबे समय का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने हिन्दुस्तान, राष्ट्रीय सहारा और यूनाइटेड भारत जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में प्रतापगढ़ से दैनिक पॉड के संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button