
प्रतापगढ़। विधायक की बहू की कथित आपत्तिजनक तस्वीर वायरल करने के मामले में कथित पत्रकार के विरुद्ध राजधानी लखनऊ के हजरतगंज थाना क्षेत्र में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता, जो मूल रूप से प्रतापगढ़ की रहने वाली हैं और वर्तमान में लखनऊ स्थित विधायक आवास में रहती हैं, ने आरोप लगाया है कि यूट्यूब चैनल संचालक एवं कथित पत्रकार विनय कुमार गुप्ता उर्फ विनोद ने उनकी तस्वीर के साथ छेड़छाड़ कर उसे आपत्तिजनक रूप दिया और वीडियो बनाकर व्हाट्सएप ग्रुप, यूट्यूब तथा अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित कर दिया।
शिकायत में कहा गया है कि आरोपी लगातार झूठी, भ्रामक और निराधार सामग्री प्रसारित कर उनकी निजता का उल्लंघन कर रहा है, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को गंभीर क्षति पहुंची है।
हजरतगंज कोतवाली प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
नोट: फोटो काल्पनिक है





