एम्स में इलाज के दौरान शिक्षामित्र सोना देवी का निधन, विकास क्षेत्र में शोक की लहर
लालगंज विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय गारापुर की शिक्षामित्र सोना देवी का एम्स में उपचार के दौरान निधन हो गया। आदर्श समायोजित शिक्षक शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन, प्राथमिक शिक्षक संघ तथा साथी शिक्षकों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

लालगंज, प्रतापगढ़। विकास खंड लालगंज के प्राथमिक विद्यालय गारापुर में कार्यरत शिक्षामित्र सोना देवी (53 वर्ष)का एम्स में उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग, शिक्षामित्रों तथा शिक्षक समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई।
आदर्श समायोजित शिक्षक शिक्षामित्र एसोसिएशन की प्रांतीय प्रभारी,जिला अध्यक्ष रीना सिंह ने सोना देवी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनके असामयिक निधन से शिक्षामित्र परिवार ने एक समर्पित एवं कर्मठ साथी को खो दिया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष संतोष कुमार मिश्रा, मंत्री विष्णु कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष हिमांशु ओझा, प्रधानाध्यापक धीरज मिश्रा सहित अनेक शिक्षक एवं शिक्षामित्रों ने भी गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने कहा कि सोना देवी अपने सरल स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण के लिए सदैव याद की जाएंगी।
शिक्षकों एवं शिक्षामित्रों ने शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की।





