
मानिकपुर, प्रतापगढ़। मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के दम पर मानिकपुर थाना क्षेत्र के बड़गांव अमहरा गांव के दिवाकर सिंह यादव ने उप निरीक्षक (सिविल पुलिस) भर्ती परीक्षा-2026 में पहले ही प्रयास में सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया। शनिवार देर शाम परिणाम घोषित होते ही परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई और गांव में जश्न का माहौल बन गया।
दिवाकर साधारण किसान छोटे लाल यादव के पुत्र हैं। उनके पिता वर्तमान में भक्ति धाम मनगढ़ में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद दिवाकर ने कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर महज 20 वर्ष की आयु में दरोगा बनने का सपना साकार कर लिया।
सफलता की सूचना मिलते ही परिजनों ने मिठाई खिलाकर और आतिशबाजी कर खुशी मनाई। राम मनोहर यादव, राजेंद्र कुमार यादव, छोटे लाल यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने दिवाकर को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उनके घर पर शुभकामनाएं देने वालों का देर रात तक तांता लगा रहा।
दिवाकर की इस उपलब्धि ने क्षेत्र के युवाओं के लिए एक नई प्रेरणा प्रस्तुत की है कि कठिन परिस्थितियां भी मजबूत इरादों के आगे बाधा नहीं बन सकतीं। वहीं, उनके बड़े भाई भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।





