सपा सांसद पर बरसे पूर्व सांसद संगमलाल गुप्ता, बोले- जातीय उन्माद फैलाकर कर रहे राजनीति
प्रतापगढ़ में पूर्व सांसद संगमलाल गुप्ता ने सपा सांसद डॉ. एस.पी. सिंह पटेल के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए उन पर जातीय उन्माद फैलाकर राजनीति करने का आरोप लगाया। सड़क और विकास को लेकर दिए गए बयान पर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।

प्रतापगढ़। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद संगमलाल गुप्ता ने समाजवादी पार्टी के सांसद डॉ. एस.पी. सिंह पटेल के हालिया बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने आरोप लगाया कि दो वर्षों तक जनता के बीच से नदारद रहने वाले सपा सांसद अब जातीय उन्माद भड़काकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहे हैं।
जारी बयान में संगमलाल गुप्ता ने कहा कि सड़क किसी एक जाति या बिरादरी की नहीं होती, बल्कि हर जरूरतमंद नागरिक की होती है। विकास कार्यों को जाति के चश्मे से देखना दुर्भाग्यपूर्ण और घटिया राजनीति का परिचायक है।
पूर्व सांसद ने कहा कि प्रतापगढ़ की जनता सब कुछ देख और समझ रही है। उन्होंने सपा सांसद से समाज में विभाजन की राजनीति छोड़कर विकास के मुद्दों पर काम करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ऐसी राजनीति की जितनी निंदा की जाए, वह कम है।
अपने बयान के अंत में संगमलाल गुप्ता ने कहा, “ईश्वर उन्हें सद्बुद्धि दे। आने वाले समय में प्रतापगढ़ की जनता उनकी औकात बताने का काम करेगी।”बता दे गत दिवस सांसद श्री पटेल रामपुर खास विधान सभा क्षेत्र में एक कार्यक्रम में भाषण दिए कि ठाकुर व पंडित की बस्ती में सड़क तो बनी है किंतु दलित पिछड़ों की बस्ती में आज तक सड़क नहीं बनी।
उन्होंने यह भी कहा कि वह अब पिछड़े और दलित बस्ती में सड़क बनवाने का काम करेंगे।उल्लेखनीय है कि रामपुर खास विधान सभा से 1980 से कांग्रेस पार्टी का विधायक निर्वाचित होता आ रहा है। सांसद अप्रत्यक्ष रूप से कांग्रेस विधायक की कलई खोल रहे थे या फिर कुछ और —
(नोट: यह खबर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद संगमलाल गुप्ता द्वारा जारी बयान पर आधारित है।)





