घायल अवस्था में मिला सारस पक्षी, ग्राम प्रधान की सूचना पर वन विभाग ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
विकास क्षेत्र लालगंज की ग्रामसभा रंगौली में सड़क किनारे खेत में घायल अवस्था में एक सारस पक्षी मिला। ग्राम प्रधान दिनेश सिंह की सूचना पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षित रेस्क्यू किया और उपचार के लिए अपने साथ ले गई। पक्षी का इलाज जारी है।

लालगंज,प्रतापगढ़। विकास खंड के ग्रामसभा रंगौली में सोमवार प्रातः एक घायल सारस पक्षी मिलने से क्षेत्र में हलचल मच गई। सड़क किनारे खेत में घायल अवस्था में तड़प रहे सारस पर मॉर्निंग वॉक के दौरान ग्राम प्रधान दिनेश सिंह की नजर पड़ी। उन्होंने बिना समय गंवाए तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही लगभग एक घंटे के भीतर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने घायल सारस का सावधानीपूर्वक रेस्क्यू कर उपचार के लिए अपने साथ ले गई। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार सारस का इलाज जारी है और उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ग्राम प्रधान दिनेश सिंह की संवेदनशीलता और वन विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। लोगों का कहना है कि समय रहते सूचना मिलने और विभाग की तत्परता से पक्षी की जान बचाने में मदद मिली।
वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार सारस जैसे दुर्लभ पक्षियों का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि कोई वन्यजीव घायल या संकट में दिखाई दे तो उसे स्वयं पकड़ने का प्रयास करने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना देनी चाहिए, ताकि उसका सुरक्षित रेस्क्यू और उपचार कराया जा सके।





