हसवां में गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक का शक्ति प्रदर्शन, गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने समेत पांच सूत्रीय मांगें उठाईं
फतेहपुर के हसवां ब्लॉक में गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक ने शक्ति प्रदर्शन कर गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने, बिजली, सिंचाई, सड़क, आवास और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन प्रशासन को सौंपा।

फतेहपुर। हसवां विकास खंड परिसर में मंगलवार को गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की बैठक एवं शक्ति प्रदर्शन का आयोजन किया गया। संगठन की संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता पटेल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं ने क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर आवाज बुलंद की।
बैठक के बाद संगठन की ओर से खंड विकास अधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए हेमलता पटेल ने कहा कि संगठन किसान, मजदूर, महिलाओं और शोषित वर्ग के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ता रहेगा। उन्होंने कहा कि गांवों में बिजली, पानी, सड़क, सिंचाई और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष जारी रहेगा तथा जनहित के मुद्दों पर पीछे नहीं हटेंगे।
ज्ञापन में गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने और इस संबंध में शासन स्तर पर प्रस्ताव भेजने की मांग की गई। साथ ही छुट्टा मवेशियों से किसानों की फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, धान की रोपाई के दौरान हो रही अघोषित बिजली कटौती बंद करने तथा नहरों में टेल तक सिंचाई का पानी उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई।
इसके अलावा गांवों में अधूरी पड़ी पानी की टंकियों को चालू कराने, पाइपलाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने, प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित पात्र परिवारों का विशेष सर्वे कर लाभ दिलाने तथा स्वयं सहायता समूहों को समय पर फंड उपलब्ध कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
बैठक के दौरान हसवां ब्लॉक की नई कार्यकारिणी का भी गठन किया गया। इसमें संगीता देवी को ब्लॉक अध्यक्ष, मीना सिंह को उपाध्यक्ष, कुसमा देवी को महासचिव, मंजू देवी एवं कुसमा देवी को सचिव, विमला देवी को कोषाध्यक्ष तथा शांति देवी को महामंत्री बनाया गया। सक्रिय सदस्यों के रूप में सूरजकली, नीतू देवी, अंकिता देवी, ज्ञानमती, मनीषा, मंजू देवी, चंद्ररेखा और रेनू देवी को जिम्मेदारी सौंपी गई।
नवनियुक्त पदाधिकारियों का राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता पटेल ने माल्यार्पण कर स्वागत किया।
इस अवसर पर उत्तरा सिंह, सरिता देवी, मीना, स्वरूपा, हरदेवी, माया देवी, सुधा, रीता, मनीषा, चंद्ररेखा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।





