फतेहपुर: नमस्ते योजना के तहत सीवर कर्मियों को मिले आयुष्मान कार्ड, सुरक्षा किट भी वितरित
फतेहपुर नगर पालिका में नमस्ते डे के अवसर पर सीवर और सेप्टिक टैंक कर्मियों को आयुष्मान कार्ड, पीपीई किट और सुरक्षित कार्य प्रणाली का प्रशिक्षण दिया गया। नमस्ते योजना के तहत पोर्टल पर पंजीकरण भी कराया गया।

फतेहपुर। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के निर्देश पर मंगलवार को नगर पालिका परिषद फतेहपुर में ‘नमस्ते डे’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई करने वाले कर्मियों को नमस्ते योजना से जोड़ना तथा उन्हें स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और सुरक्षित कार्य प्रणाली के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में सीवर एवं सेप्टिक टैंक सफाई से जुड़े सभी कर्मियों को नमस्ते योजना की जानकारी दी गई। साथ ही उनका नमस्ते पोर्टल पर पंजीकरण भी कराया गया।
इस दौरान पात्र कर्मियों को आयुष्मान भारत योजना के तहत आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए, ताकि वे बेहतर और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकें।
नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार मौर्य और अधिशासी अधिकारी रविन्द्र कुमार ने कर्मियों को पीपीई (पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट) किट और आयुष्मान कार्ड प्रदान किए। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम प्रबंधक संजय सिंह ने सुरक्षित कार्य प्रणाली पर विशेष प्रशिक्षण देते हुए कहा कि बिना सुरक्षा उपकरणों के किसी भी कर्मचारी को सीवर में नहीं उतारा जाएगा।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा ताकि कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
कार्यक्रम में जेई जलकल विजय कुमार, गुलाब बाबू, मो. हबीब, सोमेश तिवारी, सफाई नायक सहित बड़ी संख्या में सफाई कर्मी मौजूद रहे।





