जौनपुर में सोते समय दो सगे भाइयों पर कुल्हाड़ी से हमला, पारिवारिक विवाद में वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर स्लग:
जौनपुर के बरसठी थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते छत पर सो रहे दो सगे भाइयों पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया गया। दोनों गंभीर रूप से घायल हैं और वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किए गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जौनपुर। बरसठी थाना थाना क्षेत्र के बारिगांव हनुमाननगर में रविवार तड़के पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। छत पर सो रहे दो सगे भाइयों पर कुल्हाड़ी से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। दोनों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर ट्रॉमा सेंटर, वाराणसी रेफर कर दिया गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और एहतियातन मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। घायल युवकों में 25 वर्षीय राज सिंह 22 वर्षीय उदय सिंह पुत्रगण आनंद सिंह, निवासी बारिगांव हनुमाननगर है। परिजनों के अनुसार दोनों भाई शनिवार देर रात अपने मकान की छत पर सो रहे थे। रात करीब तीन बजे उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया। हमले में राज सिंह के चेहरे पर गंभीर चोट आई है, जबकि उदय सिंह के पैर पर कुल्हाड़ी से वार किया गया। दोनों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।परिजनों ने आरोप लगाया है कि वारदात को उनके चाचा सुभाष सिंह ने अंजाम दिया। बताया गया कि सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक लाल बहादुर सिंह के दो पुत्र हैंकृसुभाष सिंह और आनंद सिंह। परिवार मूल रूप से शाहापुर पुरसवा का रहने वाला है, लेकिन पिछले लगभग 40 वर्षों से बारिगांव हनुमाननगर में रह रहा है। सड़क किनारे बने दो मंजिला मकान के नीचे दोनों भाई अलग-अलग कपड़े की दुकान संचालित करते हैं। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से मकान के तीन फीट चौड़े गलियारे में करीब डेढ़ फीट दीवार बनाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था। पिता लाल बहादुर सिंह ने गलियारे की स्थिति यथावत रखने की बात कही थी, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया। इसी रंजिश में हमले की घटना होने का आरोप लगाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए मकान पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।



