आज़मगढ़ताज़ा ख़बर
न्याय की मांग को लेकर टेलीफोन एक्सचेंज के खंभे पर चढ़ी युवती, दो घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा, पुलिस के आश्वासन पर उतरी नीचे
आजमगढ़ के नूरुद्दीनपुर गांव में न्याय की मांग को लेकर एक युवती टेलीफोन एक्सचेंज के खंभे पर चढ़ गई। करीब दो घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने समझाइश और कार्रवाई के आश्वासन पर उसे सुरक्षित नीचे उतारा। मामले की जांच जारी है।

आजमगढ़ l जिले के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के नूरुद्दीनपुर गांव में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक युवती न्याय की मांग को लेकर गांव स्थित टेलीफोन एक्सचेंज के खंभे पर चढ़ गई। करीब दो घंटे तक चले इस घटनाक्रम के दौरान गांव सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया। इस घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के नूरुद्दीनपुर गांव निवासी 32 वर्षीय मंजू पुत्री फूलचंद शनिवार दोपहर गांव में स्थित टेलीफोन एक्सचेंज के खंभे पर चढ़ गई। खंभे पर चढ़ने के बाद उसने अपने मोबाइल फोन के माध्यम से लोगों से बातचीत की और अपनी मांग सार्वजनिक रूप से रखी।
युवती का कहना था कि गांव के ही एक व्यक्ति, जिसे वह अपने पुत्र का पिता बता रही थी, उसके घर में उसे रहने दिया जाए और उसे न्याय दिलाया जाए। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। लोगों ने युवती को नीचे उतरने के लिए आवाज लगाई, लेकिन वह अपनी मांगों पर अड़ी रही।
ग्रामीणों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल इसकी सूचना जीयनपुर कोतवाली पुलिस को दी।सूचना मिलते ही जीयनपुर कोतवाली से महिला उपनिरीक्षक लक्ष्मी शुक्ला तथा उपनिरीक्षक संतोष सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
महिला उपनिरीक्षक ने धैर्यपूर्वक उसकी पूरी बात सुनी और उसे भरोसा दिलाया कि उसकी शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा तथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने युवती से बार-बार अपील की कि वह अपनी जान जोखिम में न डाले और सुरक्षित नीचे उतर आए।
करीब दो घंटे तक पुलिस और युवती के बीच बातचीत का सिलसिला चलता रहा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने लगातार संयम और धैर्य का परिचय दिया। ग्रामीण भी युवती को समझाने का प्रयास करते रहे। आखिरकार पुलिस के आश्वासन और समझाइश के बाद दोपहर लगभग 1:50 बजे युवती खंभे से नीचे उतरने के लिए तैयार हो गई।
पुलिसकर्मियों ने पूरी सावधानी के साथ उसे सुरक्षित नीचे उतारा।युवती के नीचे उतरने के बाद पुलिस ने उससे अलग से बातचीत की और उसकी शिकायत के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों ने उसे विश्वास दिलाया कि उसकी ओर से प्रस्तुत तथ्यों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



