अवध विश्वविद्यालय में 3200 वर्गमीटर में विकसित होगा मियावाकी गार्डन, 92,600 पौधरोपण का लक्ष्य
अयोध्या के डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में 3200 वर्गमीटर क्षेत्र में मियावाकी गार्डन विकसित किया जाएगा। विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों के लिए 92,600 पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

अयोध्या : डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए करीब 3200 वर्गमीटर क्षेत्रफल में मियावाकी गार्डन विकसित किया जाएगा। इस संबंध में प्रदेशव्यापी वृहद वृक्षारोपण महाअभियान की तैयारियों की समीक्षा के लिए विश्वविद्यालय के कौटिल्य प्रशासनिक भवन सभागार में हाइब्रिड मोड में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने ऑनलाइन माध्यम से की।
उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि 12 जुलाई को पूरे प्रदेश में वृहद वृक्षारोपण महाअभियान चलाया जाएगा। उन्होंने सभी विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और विभागों से शासन द्वारा निर्धारित पौधरोपण लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करने का आह्वान किया।
उन्होंने अवध विश्वविद्यालय द्वारा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए सभी उच्च शिक्षा अधिकारियों को मियावाकी फॉरेस्ट तकनीक के संबंध में विश्वविद्यालय से मार्गदर्शन लेने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कम स्थान में अधिक पौधे लगाकर कम समय में घना वन तैयार करने वाली यह तकनीक शहरी और संस्थागत परिसरों के लिए बेहद उपयोगी है।
बैठक में कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में विकसित किए जाने वाले मियावाकी गार्डन का उद्देश्य हरित क्षेत्र का विस्तार, स्थानीय प्रजातियों के पौधों का संरक्षण तथा विद्यार्थियों और शोधार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि यह गार्डन भविष्य में जैव विविधता संरक्षण और पर्यावरणीय शोध का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
कुलपति ने विश्वविद्यालय परिवार से वृक्षारोपण को जन-आंदोलन बनाने की अपील करते हुए प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाने और उसके वृक्ष बनने तक देखभाल करने का संकल्प लेने का आग्रह किया।
विश्वविद्यालय और इससे संबद्ध महाविद्यालयों के लिए 92,600 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और संबद्ध महाविद्यालयों को भी आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।





