
मुंबई: अभिनेता और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलापति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जन नायकन’ को आखिरकार केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से A (एडल्ट) सर्टिफिकेट मिल गया है। लंबे समय से सेंसर प्रक्रिया में अटकी इस फिल्म की रिलीज डेट भी अब आधिकारिक रूप से तय हो गई है। फिल्म 24 जुलाई को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
यह फिल्म पहले जनवरी 2026 में रिलीज होने वाली थी, लेकिन सेंसर बोर्ड से मंजूरी न मिलने के कारण इसकी रिलीज टाल दी गई थी। करीब सात महीने तक चले विवाद और कानूनी प्रक्रिया के बाद अब फिल्म को हरी झंडी मिल गई है।

कोर्ट तक पहुंचा था मामला
‘जन नायकन’ के सर्टिफिकेशन को लेकर विवाद मद्रास हाई कोर्ट और बाद में सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा था। फिल्म निर्माताओं ने शुरुआत में यू/ए 16+ सर्टिफिकेट की मांग की थी। मद्रास हाई कोर्ट की एकल पीठ ने इसके पक्ष में आदेश भी दिया था, लेकिन बाद में फैसले में बदलाव हुआ। इसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, जहां अदालत ने मद्रास हाई कोर्ट को जल्द निर्णय लेने का निर्देश दिया था।
A सर्टिफिकेट के साथ होगी रिलीज
अब फिल्म को A सर्टिफिकेट मिलने के बाद इसे केवल 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के दर्शक ही सिनेमाघरों में देख सकेंगे। यानी बच्चे और पारिवारिक दर्शक इसे सामान्य रूप से नहीं देख पाएंगे।
ऑनलाइन लीक भी बनी थी चुनौती
फिल्म रिलीज से पहले ऑनलाइन लीक का भी शिकार हुई थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म को कथित तौर पर 1.2 करोड़ से अधिक बार गैरकानूनी तरीके से डाउनलोड किया गया था। इसके अलावा सोशल मीडिया पर फिल्म का फर्जी सेंसर सर्टिफिकेट भी वायरल हुआ था, जिससे विवाद और बढ़ गया था।
पूजा हेगड़े हैं लीड रोल में
‘जन नायकन’ में थलापति विजय के साथ अभिनेत्री पूजा हेगड़े मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म की अंतरराष्ट्रीय रिलीज की पुष्टि कनाडा के डिस्ट्रीब्यूटर यॉर्क सिनेमाज ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए की है।





