ताज़ा ख़बरसीतापुर

सीतापुर पहुंचीं महिला आयोग सदस्या चारु चौधरी, महिला अस्पताल में व्यवस्थाओं पर भड़कीं; केशव ग्रीन सिटी में हुआ स्वागत

सीतापुर दौरे पर पहुंचीं राज्य महिला आयोग की सदस्या चारु चौधरी ने जिला महिला अस्पताल का निरीक्षण कर निजी केंद्रों पर अल्ट्रासाउंड कराने के मामले में अधिकारियों को फटकार लगाई। इससे पहले केशव ग्रीन सिटी में उनका भव्य स्वागत हुआ।

सीतापुर: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या चारु चौधरी ने शुक्रवार को सीतापुर दौरे के दौरान जिला महिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वार्डों में भर्ती गर्भवती महिलाओं से बातचीत की। इस दौरान कई महिलाओं ने बताया कि अस्पताल में समय पर अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं मिलने के कारण उन्हें निजी केंद्रों पर जांच करानी पड़ रही है।

यह जानकारी मिलते ही चारु चौधरी ने मौके पर मौजूद प्रभारी सीएमएस और स्वास्थ्य अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने मरीजों के पर्चे और अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट की जांच की, जिनमें कई रिपोर्ट निजी केंद्रों की मिलीं। इस पर उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकारी अस्पताल में यह सुविधा उपलब्ध है तो गरीब महिलाओं को बाहर क्यों भेजा जा रहा है।

अस्पताल प्रशासन ने बताया कि केवल एक रेडियोलॉजिस्ट होने के कारण अल्ट्रासाउंड जांच प्रभावित हो रही है। इस पर महिला आयोग सदस्या ने तत्काल व्यवस्था में सुधार के निर्देश देते हुए कहा कि इतने बड़े प्रसव भार वाले अस्पताल में मरीजों को निजी केंद्रों पर भेजना स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं की स्वास्थ्य सुविधाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

इससे पहले चारु चौधरी के सीतापुर आगमन पर केशव ग्रीन सिटी में उनका भव्य स्वागत किया गया। अग्रवाल सभा के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल और सागर गुप्ता ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इसके बाद उन्होंने ग्रीन सिटी स्थित मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक किया तथा हनुमान जी महाराज के दर्शन कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।

बाद में आयोजित बैठक में जनसुनवाई कार्यक्रम की तैयारियों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान सामाजिक, व्यापारिक एवं विभिन्न संगठनों से जुड़े लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे। मुकेश अग्रवाल ने कहा कि जनसेवा के कार्यों में समाज की सक्रिय भागीदारी ही सबसे बड़ी ताकत है।

Shivram Giri

शिवराम गिरि वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 17 वर्षों का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दैनिक जागरण, अमर उजाला और भारत समाचार जैसे देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। पत्रकारिता के हर माध्यम पर उनकी मज़बूत पकड़ उन्हें मीडिया जगत में एक विश्वसनीय आवाज बनाती है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी पहचान है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button