प्रतापगढ़ बार एसोसिएशन चुनाव में 33 प्रत्याशी मैदान में, महिला उपाध्यक्ष पद चुनी गईं निर्विरोध
प्रतापगढ़ जिला बार एसोसिएशन चुनाव में नामांकन जांच के बाद 33 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। महिला उपाध्यक्ष पद पर अधिवक्ता प्रतिभा सिंह निर्विरोध निर्वाचित हुईं। 17 जुलाई को 356 सदस्य मतदान करेंगे।

प्रतापगढ़। जिला बार एसोसिएशन चुनाव की प्रक्रिया के तहत गुरुवार को एल्डर कमेटी ने सभी प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों की जांच पूरी कर ली। जांच के दौरान अध्यक्ष, महामंत्री समेत विभिन्न पदों के लिए दाखिल नामांकन पत्रों की समीक्षा की गई।
एल्डर कमेटी के अध्यक्ष जय नारायण सिंह ने बताया कि कुल 34 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था। महिला उपाध्यक्ष पद की प्रत्याशी अधिवक्ता किरणबाला सिंह ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। इसके बाद इस पद पर अधिवक्ता प्रतिभा सिंह का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। अब शेष 33 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 17 जुलाई को होगा। सुबह से दोपहर तक संगठन के 356 सदस्य मतदान करेंगे।
मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना कर उसी दिन चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। पत्रों की जांच के दौरान एल्डर कमेटी के अध्यक्ष जय नारायण सिंह के साथ ज्ञानेंद्र सिंह, चंद्रभान सिंह सोमवंशी, विजय श्रीवास्तव, रवीन्द्र सिंह मंटू, संदीप सिंह, धर्मेंद्र सिंह सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।
उधर समाजसेवी आनंद मिश्र ने अधिवक्ता प्रतिभा सिंह के निर्विरोध निर्वाचन पर उन्हें फूल मालाओं से लादकर सम्मानित किया।





