इलाज के दौरान 10 वर्षीय बालिका की मौत, परिजनों ने रायबरेली के चिकित्सक पर लापरवाही का लगाया आरोप
रायबरेली के एक निजी नर्सिंग होम में टॉन्सिल ऑपरेशन के दौरान कथित चिकित्सकीय लापरवाही का मामला सामने आया है। इलाज के दौरान 10 वर्षीय बालिका की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।

लालगंज, प्रतापगढ़। रायबरेली शहर के जेल रोड स्थित एक निजी नर्सिंग होम में टॉन्सिल के ऑपरेशन के दौरान कथित चिकित्सकीय लापरवाही का मामला अब और गंभीर हो गया है। ऑपरेशन के बाद हालत बिगड़ने पर लखनऊ रेफर की गई 10 वर्षीय बालिका की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। घटना के बाद परिजनों में शोक और आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने चिकित्सक एवं अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार लालगंज कोतवाली क्षेत्र के बोधी सिंह का पुरवा अगई निवासी शरद कुमार सिंह ने अपनी लगभग 10 वर्षीय पुत्री शिवानी सिंह को टॉन्सिल की समस्या के उपचार के लिए 29 जून 2026 को रायबरेली के इंदिरा नगर स्थित शाश्वत नर्सिंग होम में भर्ती कराया था।
परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन शुरू होने के कुछ ही देर बाद बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ गई और अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद उसे गंभीर अवस्था में लखनऊ रेफर कर दिया गया।
परिजनों के अनुसार लखनऊ में कई दिनों तक इलाज चला, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद बालिका को बचाया नहीं जा सका और इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
घटना के बाद परिजनों ने इसे चिकित्सकीय लापरवाही का मामला बताते हुए जिलाधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को शिकायत पत्र सौंपा है।
उनका कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी चिकित्सक और अस्पताल प्रबंधन के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े।
फिलहाल मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासन की ओर से जांच की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





