राम मंदिर चढ़ावा चोरी के विरोध में कांग्रेस की ‘सद्बुद्धि पदयात्रा’, हनुमान मंदिर में सुंदरकांड पाठ कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग
प्रतापगढ़ में जिला कांग्रेस कमेटी ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी के विरोध में सद्बुद्धि पदयात्रा निकाली। हनुमान मंदिर में सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ कर निष्पक्ष जांच तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

प्रतापगढ़। राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की कथित घटना के विरोध में मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने जिलाध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी के नेतृत्व में ‘सद्बुद्धि पदयात्रा’ निकाली। पदयात्रा अंबेडकर चौराहे से शुरू होकर पुलिस लाइन, राजापाल टंकी चौराहा होते हुए ट्रेजरी चौराहा स्थित श्री हनुमान मंदिर पहुंची। यहां कार्यकर्ताओं ने सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ कर भगवान श्रीराम से दोषियों तथा सत्ता में बैठे लोगों को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की। 
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने कहा कि भगवान श्रीराम देश की करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं और मंदिरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले की निष्पक्ष और प्रभावी जांच कराने की मांग की।
जिला उपाध्यक्ष राम लवट यादव ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
जिला उपाध्यक्ष इंद्रानंद तिवारी ने भी घटना को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आस्था से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए।
कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष वेदांत तिवारी, महेंद्र शुक्ला, विजय शंकर त्रिपाठी, अभय प्रताप सिंह, बीपी त्रिपाठी, मासूम हैदर, प्रदीप द्विवेदी, प्रशांत सिंह, यश द्विवेदी, मोहम्मद इस्तियाक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।





