ताज़ा ख़बरप्रतापगढ़

मुख्यमंत्री दौरा – 7 जुलाई को रूट डायवर्जन, सुबह 6 से रात 10 तक शहर में भारी वाहन प्रतिबंधित

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 7 जुलाई 2026 के प्रतापगढ़ दौरे को लेकर सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक रूट डायवर्जन लागू रहेगा। शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।

प्रतापगढ़। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन एवं भ्रमण कार्यक्रम को लेकर जिला पुलिस ने 7 जुलाई को विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में जनपद में सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक रूट डायवर्जन लागू रहेगा।

इस दौरान प्रतापगढ़ शहर में सभी प्रकार के भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनन्दन राय, क्षेत्राधिकारी नगर आशुतोष मिश्रा तथा क्षेत्राधिकारी यातायात अनिल कुमार राय के नेतृत्व में तैयार किए गए डायवर्जन प्लान के अनुसार विभिन्न जिलों से आने-जाने वाले भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार सुल्तानपुर से प्रयागराज, रायबरेली और वाराणसी की ओर जाने वाले भारी वाहनों को मदाफरपुर मोड़, पट्टी बाईपास, उड़ैयाडीह, जामताली एवं रानीगंज होते हुए भेजा जाएगा। वहीं लखनऊ-रायबरेली से वाराणसी और जौनपुर जाने वाले वाहन लालगंज, लीलापुर, कोतवाली देहात, भुपियामऊ और रानीगंज मार्ग का उपयोग करेंगे।

अमेठी से रायबरेली, लखनऊ, वाराणसी और प्रयागराज की ओर जाने वाले भारी वाहनों को लोहगपुर-बिहारगंज बाईपास एवं सुखपाल नगर बाईपास से होकर वैकल्पिक मार्ग पर भेजा जाएगा। इसी प्रकार वाराणसी, जौनपुर और मछलीशहर से सुल्तानपुर, अयोध्या, अमेठी एवं रायबरेली जाने वाले भारी वाहनों के लिए भी रानीगंज, जामताली, पृथ्वीगंज, भूपियामऊ और लालगंज होते हुए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन, जैसे एम्बुलेंस, अग्निशमन, पुलिस, प्रशासनिक वाहन तथा खाद्य सामग्री लेकर चलने वाले वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट रहेगी।

जनपद पुलिस ने सभी वाहन चालकों, ट्रांसपोर्ट एजेंसियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट डायवर्जन का पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी l

Girijesh Tiwari

गिरिजेश तिवारी वरिष्ठ एवं मान्यता प्राप्त पत्रकार हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया में लंबे समय का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने हिन्दुस्तान, राष्ट्रीय सहारा और यूनाइटेड भारत जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में प्रतापगढ़ से दैनिक पॉड के संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button