ताज़ा ख़बरप्रतापगढ़राजनीति

सुजौली पीड़िता से मिले विधायक विनोद सरोज, बोले- समाज के नाम पर राजनीति करने वाले मुश्किल समय में नहीं आते

प्रतापगढ़ के कुंडा क्षेत्र के सुजौली गांव में कथित सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता से बाबागंज विधायक विनोद सरोज ने मुलाकात कर न्याय, आर्थिक सहायता और आवास दिलाने का भरोसा दिया। डाकबंगले में प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए समाज के नाम पर राजनीति करने वालों पर निशाना साधा।

कुंडा, प्रतापगढ़। कुंडा विधानसभा क्षेत्र के सुजौली गांव में अनुसूचित जाति (पासी समाज) की महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद रविवार को बाबागंज विधायक एवं जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद सरोज के नेतृत्व में पार्टी का प्रतिनिधिमंडल पीड़िता के घर पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने पीड़िता और उसके परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली तथा हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।

पीड़िता से मुलाकात के बाद विधायक विनोद सरोज ने कुंडा डाकबंगले में प्रेसवार्ता कर कहा कि महिला के साथ हुई घटना बेहद गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन से दोषियों के विरुद्ध कड़ी एवं शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई है, ताकि पीड़िता को जल्द न्याय मिल सके।
विधायक ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल समाज विशेष के नाम पर केवल शोर मचाते हैं, लेकिन जब उसी समाज के लोग संकट में पड़ते हैं तो उनके आंसू पोंछने कोई नहीं आता। ऐसे लोग चुनाव के समय समाज में दुर्भावना फैलाकर अपना राजनीतिक हित साधते हैं और चुनाव समाप्त होते ही गायब हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि जनसत्ता दल हमेशा लोगों के सुख-दुख में उनके साथ खड़ा रहता है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगा।
विनोद सरोज ने बताया कि पीड़ित महिला को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है। साथ ही निकट भविष्य में उसके लिए आवास का निर्माण भी कराया जाएगा, जिससे परिवार को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन मिल सके।
प्रतिनिधिमंडल में रामचंद्र सरोज (प्रमुखपति बिहार), रमेश सरोज (प्रमुख कलाकांकर), रामयश सरोज (प्रमुखपति बाबागंज), प्रदीप सरोज (प्रधान अतुलमाई), रमेश सरोज (प्रधान प्रतिनिधि दुलुवामई), सोनू पासी, विमलेश सरोज (पूर्व प्रधान), विनोद सरोज (पूर्व प्रधान), राकेश सरोज (पूर्व प्रधान बेंती), राहुल सरोज, पवन सरोज, रवि सरोज सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Shivram Giri

शिवराम गिरि वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 17 वर्षों का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दैनिक जागरण, अमर उजाला और भारत समाचार जैसे देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। पत्रकारिता के हर माध्यम पर उनकी मज़बूत पकड़ उन्हें मीडिया जगत में एक विश्वसनीय आवाज बनाती है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी पहचान है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button