ताज़ा ख़बरप्रतापगढ़

तहसीलदार व पेशकार पर आदेश में हेराफेरी का आरोप, मुख्यमंत्री से एफआईआर दर्ज कराने की मांग

प्रतापगढ़ सदर तहसील में न्यायालय के आदेश में कथित हेराफेरी का आरोप लगाते हुए अधिवक्ता ने मुख्यमंत्री से तहसीलदार व पेशकार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और निष्पक्ष जांच की मांग की। मामले में संबंधित अधिकारियों का पक्ष आना बाकी है।

प्रतापगढ़। सदर तहसील के एक वाद में न्यायालय के आदेश में कथित हेराफेरी का आरोप लगाते हुए एक अधिवक्ता ने मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर सदर तहसीलदार और पेशकार के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

प्रार्थना पत्र के अनुसार, वाद संख्या 2075/2023 में भूमि विवाद से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान न्यायालय द्वारा आदेश सुरक्षित कर लिया गया था। आरोप है कि बाद में विपक्षी को अनुचित लाभ पहुंचाने की नीयत से आदेश पत्रावली में कथित रूप से अतिरिक्त आदेश अंकित कर नई तिथि लगा दी गई, जो नियमों के विपरीत है।

शिकायतकर्ता का कहना है कि 29 जून 2026 को न्यायालय की पत्रावली का निरीक्षण करने पर उन्हें आदेश पत्रक में कथित रूप से बिना हस्ताक्षर और तिथि के अतिरिक्त टिप्पणी दर्ज मिली। इसके बाद कॉज लिस्ट में अगली तिथि 20 जुलाई 2026 अंकित होने पर उन्होंने मामले में अनियमितता का आरोप लगाया।

प्रार्थना पत्र में सदर तहसीलदार अनिल कुमार और पेशकार सतीश तिवारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा कथित अतिरिक्त आदेश को निरस्त करने की मांग की गई है। शिकायतकर्ता का यह भी कहना है कि उन्होंने पूर्व में भी उच्च अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

तहसीलदार सदर अनिल कुमार का पक्ष लेने का प्रयास किया गया किंतु उनका फोन नॉट रीचेबल बताता रहा l उनका पक्ष मिलने पर समाचार को अद्यतन अपडेट किया जाएगा l

Girijesh Tiwari

गिरिजेश तिवारी वरिष्ठ एवं मान्यता प्राप्त पत्रकार हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया में लंबे समय का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने हिन्दुस्तान, राष्ट्रीय सहारा और यूनाइटेड भारत जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में प्रतापगढ़ से दैनिक पॉड के संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button