
प्रतापगढ़। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पट्टी में गुरुवार को प्रयागराज मंडल से पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। एडी (स्वास्थ्य) डॉ राजेश कुमार के नेतृत्व में हुई इस औचक छापेमारी के दौरान अस्पताल की लचर कार्यशैली सामने आई, जिससे महकमे में हड़कंप मच गया है।
निरीक्षण के दौरान सबसे चौंकाने वाली स्थिति मुख्य औषधीय भंडार के पास देखने को मिली। जब एडी ने भंडार कक्ष की जांच करनी चाही, तो ताला नहीं खुला। हैरानी की बात यह रही कि सीएचसी अधीक्षक स्वयं मौके पर मौजूद होने के बावजूद दवा भंडार की चाबी उपलब्ध नहीं करा सके।
इस लापरवाही पर टीम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। निरीक्षण का दायरा जब पैथोलॉजी लैब तक पहुँचा, तो वहां की अव्यवस्था देखकर एडी दंग रह गए। जांच के दौरान लैब में काफी मात्रा में एक्सपायरी हो चुकी दवाएं मिलीं। मरीजों के स्वास्थ्य के साथ इस तरह के खिलवाड़ को एडी ने अत्यंत गंभीरता से लिया और वहां मौजूद स्टाफ को जमकर फटकार लगाई।
टीम में एडी डॉ. राजेश कुमार के साथ डिविजनल पीएम हरीश सक्सेना और लॉजिस्टिक्स मैनेजर दिनेश भी शामिल थे। निरीक्षण के दौरान सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.पी. भारती समेत अन्य चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।



