
प्रतापगढ़। जिले में शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) गुरूवार से जिले के 18 परीक्षा केन्द्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई। टीईटी परीक्षा में पहली पाली में 8952 परीक्षार्थियों में 1409 अनुपस्थित रहे। 7543 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।
सबसे बड़ा परीक्षा केन्द्र एमडीपीजी कालेज रहा जहां 984 छात्र पंजीकृत थे जिसमें से 851 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। इसी प्रकार द्वितीय बेला में इन्हीं परीक्षा केन्द्रों पर कुल 1365 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे तथा 7587 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।
परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर द्वारा परीक्षा केंद्रों का सघन निरीक्षण किया गया। अधिकारियों द्वारा थाना कोतवाली नगर क्षेत्रान्तर्गत स्थित लोकमान्य तिलक इंटर कॉलेज व एमडीपीजी कालेज का जायजा लिया गया।
इस दौरान परीक्षा केंद्र पर तैनात सुरक्षा बलों की तैनाती, प्रवेश प्रक्रिया की सुगमता और केंद्र के भीतर एवं बाहर की सुरक्षा व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा का संचालन पूर्ण निष्पक्षता और उच्चतम मानकों के अनुरूप होना चाहिए।
इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसपी ने कहा कि ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्देशित किया गया कि वे पूर्ण सतर्कता बरतें। परीक्षा केंद्र के आसपास निरंतर पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए और संदिग्ध व्यक्तियों पर पैनी नजर रखी जाए।
परीक्षा को लेकर नगर में लगा भीषण जाम
प्रतापगढ़। टीईटी परीक्षा के चलते शहर की रफ्तार थम गई और लोगों को भीषण जाम से जूझना पड़ा। परीक्षा केंद्रों की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों का भारी दबाव रहा। इस दौरान जाम में हजारों परीक्षार्थी, अभिभावक व आम लोग घंटों फंसे रहे।
जाम को लेकर सीओ सिटी आशुतोष मिश्रा खुद सड़क पर उतरकर यातायात व्यवस्था संभाली और पुलिस की मशक्कत के बाद धीरे-धीरे शहर का ट्रैफिक सामान्य हुआ। भीषण जाम को लेकर लोगों को कठिनाईयों का सामना करना पड़ा।





