
लालगंज, प्रतापगढ़। क्षेत्र के सगरा सुंदरपुर पेट्रोल पंप के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बीएससी नर्सिंग की एक छात्रा की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार बाघराय थाना क्षेत्र के उमरी पट्टी निवासी बृजलाल यादव की 21 वर्षीय पुत्री ज्योति यादव लीलापुर थाना क्षेत्र स्थित संजीवनी नर्सिंग कॉलेज में बीएससी नर्सिंग फाइनल ईयर की छात्रा थीं। गुरुवार को वह अपनी प्रैक्टिकल फाइल चेक कराने के लिए ई-रिक्शा से कॉलेज जा रही थीं।

इसी दौरान सगरा सुंदरपुर पेट्रोल पंप के समीप तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि ज्योति गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की सहायता से उन्हें तत्काल एंबुलेंस द्वारा लालगंज ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। जवान बेटी की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।





