ताज़ा ख़बरप्रतापगढ़बड़ी खबर

अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा, स्मैक तस्कर, एटीएम फ्रॉड गिरोह का सदस्य व 10 हजार का इनामिया गिरफ्तार

प्रतापगढ़ पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई करते हुए 54.64 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर, एटीएम फ्रॉड गिरोह के सदस्य तथा हत्या के प्रयास के मामले में वांछित 10 हजार रुपये के इनामिया आरोपी को गिरफ्तार किया।

प्रतापगढ़। जनपद पुलिस ने अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए स्मैक तस्करी, एटीएम फ्रॉड तथा हत्या के प्रयास के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इन कार्रवाइयों से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।

मानिकपुर पुलिस ने 54.64 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। थाना मानिकपुर में उप निरीक्षक अमित कुमार सिंह की तहरीर पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने दीपक मिश्रा पुत्र कृष्ण कुमार मिश्रा निवासी मुन्दीपुर, थाना मानिकपुर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 54.64 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की। मामले की विवेचना उप निरीक्षक अचिन्त्य शुक्ल द्वारा की जा रही है। कार्रवाई के दौरान क्षेत्राधिकारी कुण्डा, प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार राय तथा पुलिस टीम मौजूद रही।

वहीं कोतवाली देहात पुलिस ने एटीएम बदलकर लोगों के साथ धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी पुष्पराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर पीवी इंटर कॉलेज मोड़ के पास से दिलशाद उर्फ शाहरूख पुत्र बसीर निवासी फूलपुर अकारीपुर, थाना लीलापुर को गिरफ्तार किया। अभियुक्त के कब्जे से तीन एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

उधर संग्रामगढ़ पुलिस ने हत्या के प्रयास के मुकदमे में वांछित 10 हजार रुपये के इनामिया अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। थाना प्रभारी मनोज कुमार तोमर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर शीतला प्रसाद शुक्ला पुत्र रामनरेश शुक्ला निवासी खनवारी, थाना संग्रामगढ़ को मिलन चौराहा के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी छह फरवरी को खनवारी गांव में पुरानी चुनावी रंजिश को लेकर हुई मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में वांछित चल रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।

जनपद पुलिस की लगातार कार्रवाई से अपराधियों के विरुद्ध सख्त संदेश गया है तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान जारी है।

Girijesh Tiwari

गिरिजेश तिवारी वरिष्ठ एवं मान्यता प्राप्त पत्रकार हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया में लंबे समय का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने हिन्दुस्तान, राष्ट्रीय सहारा और यूनाइटेड भारत जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में प्रतापगढ़ से दैनिक पॉड के संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button