नाबालिग की जबरन शादी रुकवाकर पुलिस ने बचाया भविष्य, तीन गिरफ्तार
प्रतापगढ़ नगर कोतवाली पुलिस ने नाबालिग किशोरी की जबरन कराई जा रही शादी रुकवाकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर किशोरी को सुरक्षित संरक्षण में लिया।

प्रतापगढ़। कोतवाली नगर पुलिस ने बाल विवाह के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग किशोरी की जबरन कराई जा रही शादी रुकवा दी। पुलिस ने मौके से तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस को 22 जून को सूचना मिली थी कि ग्राम किना का पुरवा (जोगापुर) क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी का उसकी इच्छा के विरुद्ध विवाह कराया जा रहा है। जांच में पता चला कि खभौर निवासी हरेन्द्र वर्मा अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर किशोरी का विवाह मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के निवासी एक व्यक्ति से कराने की तैयारी में था।
सूचना मिलते ही नगर कोतवाली नगर पुलिस सक्रिय हुई। थाना प्रभारी सुभाष कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शादी की रस्में रुकवा दीं और किशोरी को सुरक्षित संरक्षण में ले लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मध्य प्रदेश के सिवनी निवासी सत्यम, छिंदवाड़ा निवासी भोनी सनोडिया तथा प्रतापगढ़ के खभौर निवासी हरेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया। मामले में बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम की धारा 11 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।





