
प्रतापगढ़। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित किसान दिवस में किसानों ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव खुलकर रखे।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसानों एवं आमजन की शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
बैठक में भारतीय किसान यूनियन (महिला प्रकोष्ठ) की जिलाध्यक्ष पम्मी सिंह ने किसान दिवस की सूचना समय से किसानों तक न पहुंचने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पर्याप्त जानकारी के अभाव में किसानों की सहभागिता कम रहती है, जिससे कार्यक्रम का उद्देश्य प्रभावित होता है।
इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए उप कृषि निदेशक को निर्देश दिए कि आगामी किसान दिवस का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए तथा सभी विकास खंडों के किसानों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना को निर्देशित किया कि 30 जून को पुनः किसान दिवस आयोजित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक किसानों की समस्याएं सुनी जा सकें।
किसान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना, उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।





