
प्रतापगढ़। मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास का परिणाम तब और खास हो जाता है, जब सफलता अपने गांव और परिवार का नाम रोशन करे। नवाबगंज क्षेत्र के जनवामऊ पूरे ओझा के रहने वाले अविरल ओझा, पुत्र सुधीर कुमार ओझा, का चयन फ़रीदाबाद जिला एवं सत्र न्यायालय में आशुलिपिक (स्टेनोग्राफर) पद पर हुआ है। उन्होंने 11 जून 2026 को अपने पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया।

अविरल ओझा की इस उपलब्धि से परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। बताया जाता है कि उन्होंने अपनी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी प्रयागराज में अपने मामा डॉ. अरविंद कुमार मिश्र के साथ रहकर की थी। कठिन परिश्रम और समर्पण के बल पर उन्होंने यह सफलता हासिल की।
अविरल की नियुक्ति को युवा वर्ग के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है। क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। ग्रामीणों का कहना है कि अविरल की सफलता से अन्य युवाओं को भी लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर मेहनत करने की प्रेरणा मिलेगी।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि अविरल शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर रहे हैं और उन्होंने अपने लक्ष्य को पाने के लिए लगातार मेहनत की। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ा है।





