प्रतापगढ़ के मानिकपुर नगर पंचायत में वेतन संकट पर कर्मचारियों का प्रदर्शन, कार्यालय में हुआ जोरदार हंगामा
महीनों से वेतन न मिलने से नगर पंचायत मानिकपुर के कर्मचारी और सफाई कर्मचारी प्रदर्शन पर उतर आए। कर्मचारियों ने कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर नारेबाजी की और कहा कि जनता की सेवा करने के बावजूद उनके परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने जल्द बकाया वेतन भुगतान की मांग की।

प्रतापगढ़ : नगर पंचायत मानिकपुर में कई महीनों से वेतन न मिलने से नाराज कर्मचारियों और सफाई कर्मचारियों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा।
कर्मचारियों ने नगर पंचायत कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की और वेतन भुगतान में हो रही देरी पर नाराजगी जताई।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना था कि वे लगातार जनता की सेवा में लगे रहते हैं, लेकिन कई महीनों से वेतन न मिलने के कारण उनके परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। कर्मचारियों ने कहा कि समय पर वेतन न मिलने से बच्चों की पढ़ाई, घरेलू खर्च और अन्य जरूरी जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने जल्द से जल्द बकाया वेतन भुगतान की मांग की।
कर्मचारियों ने बताई अपनी पीड़ा
धरने के दौरान कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है। उनका कहना था कि नियमित रूप से कार्य करने के बावजूद वेतन के लिए बार-बार गुहार लगानी पड़ रही है। प्रदर्शन कई घंटे तक जारी रहा, जिससे नगर पंचायत कार्यालय में हलचल बनी रही।

कार्यालय में सभासद प्रतिनिधि और पूर्व लिपिक के बीच विवाद
इसी दौरान नगर पंचायत कार्यालय में एक अलग विवाद भी सामने आया। जानकारी के अनुसार, कार्यालय में पूर्व लिपिक आत्मानंद के बैठे होने को लेकर सभासद प्रतिनिधि विमल पांडे नाराज हो गए। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज तक पहुंच गई। विवाद बढ़ने पर मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।
सभासद प्रतिनिधि विमल पांडे का आरोप है कि वह अपने कार्य से कार्यालय पहुंचे थे, जहां पूर्व लिपिक आत्मानंद कार्यालय में बैठकर हस्तक्षेप कर रहे थे। इस संबंध में उन्होंने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं दूसरी ओर आत्मानंद ने भी सभासद प्रतिनिधि पर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी है। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच कर रही है।
नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
कर्मचारियों के वेतन संकट और कार्यालय में हुए विवाद के बाद नगर पंचायत मानिकपुर की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

वहीं नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी और अध्यक्ष प्रतिनिधि के बीच अधिकार क्षेत्र व कार्यों को लेकर भी चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।





