प्रतापगढ़ में ग्यारह हजार ने दी पुलिस भर्ती परीक्षा, 2866 रहे अनुपस्थित
प्रतापगढ़ में तीन दिनों से चल रही पुलिस भर्ती परीक्षा बुधवार को समाप्त हुई। अंतिम दिन 2866 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए और लगभग 11 हजार परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। इस दौरान परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किये गये थे।

प्रतापगढ़। तीन दिनों से चल रही पुलिस भर्ती परीक्षा आज समाप्त हुई। अंतिम दिन बुधवार को 2866 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए और लगभग 11 हजार परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। इस दौरान परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किये गये थे।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर द्वारा थाना कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित अनन्त प्रसाद सिंह इण्टर कॉलेज, भदोही परीक्षा केंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्र के भीतर एवं बाहर तैनात पुलिस बल की तैनाती, सतर्कता एवं ड्यूटी व्यवस्था का जायजा लिया गया। इसके साथ ही एसपी ने बृजेन्द्र मणि इंटर कालेज कोंहडौर परीक्षा केन्द्र का भी निरीक्षण किया।
अभ्यर्थियों की सघन तलाशी एवं प्रवेश प्रक्रिया की व्यवस्थाओं को परखा गया। परीक्षा केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता तथा कंट्रोल रूम की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। साथ ही केंद्र पर उपलब्ध अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन किया गया।
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा ड्यूटी पर तैनात समस्त पुलिस कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि परीक्षा केंद्र में किसी भी प्रकार की अनियमितता या संदिग्ध गतिविधि को कतई बर्दाश्त न किया जाए।





