उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

पंकज चौधरी का समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला, कहा- आस्था के प्रतीकों का विरोध कर हिंदू भावनाओं को सपा ने किया आहत

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने शुक्रवार को समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दल के नेताओं ने समय-समय पर प्रधानमंत्री, ब्राह्मण समाज, सनातन संस्कृति और राम मंदिर जैसे आस्था के प्रतीकों का विरोध कर हिंदू भावनाओं को आहत किया है।

 चौधरी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “समाजवादी पार्टी के नेताओं ने लगातार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया, समय-समय पर ब्राह्मण समाज, सनातन संस्कृति और राम मंदिर जैसे आस्था के प्रतीकों का विरोध कर हिंदू भावनाओं को आहत करने का काम किया है।”

उन्होंने कहा, “जातियों में बांटो और सत्ता हासिल करो की राजनीति अब जनता के सामने पूरी तरह उजागर हो चुकी है। तुष्टिकरण और वोटबैंक की सोच पर चलने वालों को प्रदेश की जागरूक जनता लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देने के लिए तैयार है।”

प्रदेशाध्यक्ष ने कहा, “उत्तर प्रदेश अब विकास, सांस्कृतिक सम्मान और राष्ट्रहित की राजनीति के साथ खड़ा है, न कि समाज को विभाजित करने वाली मानसिकता के साथ।” चौधरी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव, प्रो. राम गोपाल यादव, अजेंद्र सिंह लोधी, राज कुमार भाटी समेत कई नेताओं के बयानों का एक वीडियो भी साझा किया। गाजियाबाद जिले के कविनगर थाने में समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी के खिलाफ ब्राह्मण समाज पर अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज की गयी।

पुलिस के अनुसार, यह प्राथमिकी भाजपा नेता डॉ. अजय शर्मा की शिकायत पर कविनगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 196(1) (धर्म या अन्य आधारों पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना) के तहत दर्ज की गई है। शर्मा ने शिकायत में आरोप लगाया कि ब्राह्मण समाज के खिलाफ की गई टिप्पणियों से उनकी भावनाएं आहत हुई हैं और उन्होंने भाटी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। भाटी ने हालांकि अपने बयान पर माफी मांग ली है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button