ताज़ा ख़बरप्रतापगढ़

भाजपा ने देश-प्रदेश को लूटा, जनता अब सत्ता से उखाड़ फेंकेगी: नागेंद्र सिंह मुन्ना यादव

प्रतापगढ़ में पूर्व विधायक नागेंद्र सिंह मुन्ना यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सपा सरकार की योजनाएं गिनाते हुए दावा किया कि आगामी चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से बाहर करेगी।

प्रतापगढ़।

समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक नागेंद्र सिंह मुन्ना यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। जैतीपुर कठार में सपा नेता दिनेश यादव की माता की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की कथनी और करनी में कभी अंतर नहीं रहा। पार्टी ने सरकार बनने पर जनता से किए वादों को पूरा करने के साथ कई क्षेत्रों में आगे बढ़कर काम किया।

पूर्व विधायक ने सपा सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि लैपटॉप वितरण, कन्या विद्या धन, समाजवादी पेंशन और 108 व 102 एंबुलेंस जैसी योजनाएं इसके उदाहरण हैं। उन्होंने दावा किया कि सपा सरकार ने विकास और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के हित में कई योजनाएं लागू की थीं।

नागेंद्र सिंह मुन्ना यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा करीब 12 वर्षों से केंद्र और नौ वर्षों से उत्तर प्रदेश की सत्ता में है और इस दौरान देश-प्रदेश को लूटने का काम किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हिंदू-मुसलमान के नाम पर समाज को बांटकर आपसी भाईचारा कमजोर किया है।

उन्होंने राम मंदिर के मुद्दे का जिक्र करते हुए भाजपा पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। साथ ही मंदिर के चंदे को लेकर उठे सवालों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अपने अधिकार और भविष्य की मांग करने वाले छात्रों पर लाठियां बरसाई जाती हैं और विपक्ष के सवालों का सरकार के पास जवाब नहीं है।

पूर्व विधायक ने कहा कि जनता सब कुछ देख और समझ रही है। आने वाले समय में जनता भाजपा को इसका जवाब देगी और उसे सत्ता से उखाड़ फेंकेगी।

कार्यक्रम के दौरान सुप्रसिद्ध बिरहा गायिका उजाला के समाजवादी गीतों और त्रिभुवन यादव के जवाबी बिरहा ने माहौल को राजनीतिक रंग दे दिया। गीत-संगीत पर मौजूद जनसमूह देर तक झूमता रहा।

इस अवसर पर राजेंद्र यादव, दिनेश यादव, पूर्व जिला महासचिव रमेश यादव, सपा के वरिष्ठ नेता पारसनाथ यादव, प्रखर सिंह यादव, शैलेश यादव, मीडिया प्रभारी अनूप पाण्डेय समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Girijesh Tiwari

गिरिजेश तिवारी वरिष्ठ एवं मान्यता प्राप्त पत्रकार हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया में लंबे समय का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने हिन्दुस्तान, राष्ट्रीय सहारा और यूनाइटेड भारत जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में प्रतापगढ़ से दैनिक पॉड के संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button