
प्रतापगढ़।
कोतवाली नगर पुलिस ने खुद को एंटी करप्शन अधिकारी बताकर कथित तौर पर लोगों से धन उगाही का प्रयास करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी आईडी कार्ड और सील का इस्तेमाल कर अधिकारियों पर अनुचित दबाव बनाने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस को 13 अगस्त को सूचना मिली कि गाजी चौराहे पर एक युवक खुद को एंटी करप्शन अधिकारी बताकर लोगों से धन उगाही करने का प्रयास कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पूछताछ और तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से फर्जी एंटी करप्शन ब्यूरो का आईडी कार्ड, फर्जी सील, एक मोबाइल फोन और 390 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान धीरज कुमार पुत्र श्यामलाल, निवासी घरहिया पोस्ट अमरगढ़, थाना आसपुर देवसरा, प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 22 वर्ष बताई गई है।
मामले में कोतवाली नगर पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रकरण की विवेचना उपनिरीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार कर रहे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने फर्जी अधिकारी बनकर इससे पहले भी किसी व्यक्ति से वसूली या धोखाधड़ी की है या नहीं।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार और क्षेत्राधिकारी नगर आशुतोष मिश्रा के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक सुभाष कुमार यादव के नेतृत्व में की गई।





