
प्रतापगढ़।
नगर पंचायत कोहड़ौर में देशभक्ति के उल्लास और राष्ट्रीय एकता की भावना से ओतप्रोत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। मंगरौरा ब्लॉक परिसर से शुरू हुई यात्रा कस्बे के प्रमुख मार्गों से होते हुए मदाफरपुर मोड़ पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। हाथों में लहराते तिरंगे और डीजे की देशभक्ति धुनों पर झूमते लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष व ब्लॉक प्रमुख राजीव प्रताप सिंह के नेतृत्व एवं चेयरमैन शीतला प्रसाद के संयोजन में निकली तिरंगा यात्रा में बच्चे, युवा, बुजुर्ग और महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल हुए। यात्रा के दौरान पूरा कोहड़ौर ‘वंदेमातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा।
तिरंगा हाथों में लेकर देशभक्ति गीतों पर थिरकते लोगों ने माहौल को पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।
तिरंगा यात्रा में अध्यक्ष प्रतिनिधि किशन सोनी, धवल द्विवेदी, विनोद पाण्डेय, देवेंद्र पाठक, शोनू जायसवाल, विद्यासागर, विशाल सिंह, पूनम इंसान समेत क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।
यात्रा के दौरान लोगों में देश के प्रति प्रेम और तिरंगे के सम्मान को लेकर खासा उत्साह नजर आया।
इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख नंदन भैया एवं चेयरमैन शीतला प्रसाद ने तिरंगा यात्रा में शामिल सभी लोगों के प्रति आभार जताया। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि स्वतंत्रता और राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक तिरंगे को सम्मानपूर्वक अपने-अपने घरों पर फहराएं और राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करें।





