
प्रतापगढ़।
जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में मंगलवार को जिला स्तरीय हॉकी, फुटबॉल, जूडो और कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बेसिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में न्याय पंचायत और ब्लॉक स्तर पर चयनित होकर पहुंचे जिले के विभिन्न विकासखंडों के बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कुश्ती के बालक वर्ग में 25-30 किलो भार वर्ग में मान्धाता के रामू विजेता और लक्ष्मणपुर के शिवा सरोज उपविजेता रहे। 30-35 किलो में आसपुर देवसरा के अंश सिंह ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि आदर्श उपविजेता रहे। 35-40 किलो में पट्टी के विजय विजेता और अरफाज उपविजेता रहे। 40-45 किलो में आसपुर देवसरा के आदर्श गौतम विजेता बने।
जूडो में मान्धाता विजेता और पट्टी उपविजेता रहा। हॉकी में नगर क्षेत्र ने पहला तथा सदर ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। फुटबॉल में मान्धाता की टीम विजेता और सदर की टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता को सफल बनाने में राम कुमार सिंह, मंजू सिंह, सुशील सिंह की प्रमुख भूमिका रही।
निर्णायक की भूमिका राजेंद्र पांडेय, शैलेश सिंह, कौशलेंद्र सिंह, विमल कुमार, कपिल देव, पवन सिंह, आशुतोष निर्मल, साधना मिश्रा, डॉ. आशुतोष और राजीव सिंह ने निभाई। समापन पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी देवव्रत सिंह ने चयनित खिलाड़ियों को 13 अगस्त को जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में होने वाली मंडलीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।





