
अयोध्या।
नगर पंचायत गोसाईगंज में शासन द्वारा अतिरिक्त प्रभारी के रूप में नियुक्त नगर पंचायत बीकापुर की अधिशासी अधिकारी (ईओ) अंजू यादव ने सोमवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. विजयलक्ष्मी जायसवाल की मौजूदगी में कार्यभार संभाला।
कार्यभार ग्रहण करने से पहले नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. विजयलक्ष्मी जायसवाल ने ईओ अंजू यादव का स्वागत किया। उन्होंने नगर पंचायत क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, साफ-सफाई व्यवस्था, जनसुविधाओं और नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण को प्राथमिकता देने की अपेक्षा जताई।
इस दौरान अतिरिक्त प्रभारी ईओ अंजू यादव ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप नगर पंचायत क्षेत्र में विकास एवं जनहित से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने नगर पंचायत की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और विकास कार्यों को गति देने पर जोर दिया। कार्यभार ग्रहण करने के दौरान नगर पंचायत के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।





