68,500 सहायक शिक्षक भर्ती 2018: अभ्यर्थियों ने मंत्री अनिल राजभर को सौंपा ज्ञापन, OBC अभ्यर्थियों के लिए 5% छूट की मांग
68500 Teacher Recruitment News: 2018 सहायक शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने मंत्री अनिल राजभर से मुलाकात कर OBC अभ्यर्थियों को 5% उत्तीर्णांक छूट देने और संशोधित परिणाम जारी करने की मांग की।

लखनऊ।
68,500 सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा 2018 को लेकर अभ्यर्थियों ने एक बार फिर अपनी मांग तेज कर दी है। सोमवार को भर्ती परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने श्रम एवं सेवायोजन तथा समन्वय विभाग के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर से लखनऊ स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान अभ्यर्थियों ने मंत्री को ज्ञापन सौंपकर अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के अभ्यर्थियों को उत्तीर्णांक में 5 प्रतिशत की छूट देने की मांग की।
अभ्यर्थियों ने ज्ञापन के साथ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग, उत्तर प्रदेश की रिपोर्ट भी मंत्री को सौंपी। उन्होंने आयोग की संस्तुति के अनुसार भर्ती परीक्षा का परिणाम संशोधित कर नई सूची जारी करने की मांग की।
150 में 60 अंक पर परिणाम संशोधित करने की मांग
अभ्यर्थियों का कहना है कि OBC वर्ग के अभ्यर्थियों को उत्तीर्णांक में 5 प्रतिशत की छूट देते हुए पूर्णांक 150 में 60 अंक यानी 40 प्रतिशत पर परिणाम संशोधित किया जाना चाहिए। उनका दावा है कि इससे पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति का अवसर मिल सकेगा।
राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की संस्तुति का हवाला
भर्ती का नेतृत्व कर रहे अभ्यर्थी तूफान सिंह ने बताया कि 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती 2018 के मामले में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग, उत्तर प्रदेश द्वारा OBC अभ्यर्थियों को उत्तीर्णांक में 5 प्रतिशत की छूट दिए जाने और सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रदान करने की संस्तुति की गई है।
उन्होंने कहा कि आयोग की संस्तुति का लाभ OBC अभ्यर्थियों के साथ दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रितों सहित संबंधित पात्र अभ्यर्थियों को भी मिल सकता है।
मुख्यमंत्री से वार्ता कराने का मिला आश्वासन
अभ्यर्थी तूफान सिंह के मुताबिक, ज्ञापन लेने के बाद कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने 68,500 शिक्षक भर्ती के प्रतिनिधिमंडल की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से वार्ता कराने और मामले में सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
अभ्यर्थियों के अनुसार, मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार दलितों और पिछड़ों के साथ है तथा राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की संस्तुति के अनुरूप सरकार आवश्यक कदम उठाएगी।
इन अभ्यर्थियों ने सौंपा ज्ञापन
प्रतिनिधिमंडल में भर्ती अभ्यर्थियों का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह, आशुतोष वर्मा, अखिल यादव और नवीन चौधरी शामिल रहे। अभ्यर्थियों ने उम्मीद जताई कि सरकार आयोग की संस्तुति के आधार पर जल्द निर्णय लेकर भर्ती प्रक्रिया से जुड़े अभ्यर्थियों को राहत देगी।





