
कुंडा, प्रतापगढ़।
कुंडा के मां वैष्णो कॉलोनी स्थित ओंकार पब्लिक स्कूल को हाईस्कूल की कक्षाएं संचालित करने की मान्यता मिल गई है। मान्यता मिलने के बाद विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। शनिवार को विद्यालय परिसर में बच्चों और शिक्षकों ने सम्मान दिवस कार्यक्रम आयोजित कर इस उपलब्धि का जश्न मनाया।
विद्यालय के प्रबंधक कमलेंद्र सिंह ने बताया कि वर्ष 2013 में विद्यालय को इंग्लिश मीडियम में प्ले ग्रुप से कक्षा आठ तक की मान्यता मिली थी। अब हाईस्कूल की कक्षाएं संचालित करने की मान्यता मिलने से विद्यालय के शैक्षिक विकास को नई दिशा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र के विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य सुमन सिंह ने प्रबंधक कमलेंद्र सिंह को माला पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि हाईस्कूल की मान्यता विद्यालय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे विद्यालय को नई गति मिलेगी और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे।
इस दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने प्रबंधक को बधाई दी और विद्यालय की नई उपलब्धि पर खुशी जताई। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे।





