ताज़ा ख़बरप्रयागराज

प्रयागराज में छात्रों और युवाओं से दो घंटे संवाद करेंगे राहुल गांधी, पेपर लीक और बेरोजगारी पर होगी चर्चा

प्रयागराज में राहुल गांधी करेंगे छात्रों से सीधा संवाद, पेपर लीक और बेरोजगारी समेत कई मुद्दों पर होगी चर्चा

प्रयागराज में छात्रों और युवाओं से दो घंटे संवाद करेंगे राहुल गांधी
प्रयागराज। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को प्रयागराज पहुंचेंगे और छात्रों व युवाओं से करीब दो घंटे तक सीधा संवाद करेंगे। उनका मुख्य कार्यक्रम सिविल लाइंस स्थित केपी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में होगा।
कार्यक्रम से पहले राहुल गांधी स्वराज भवन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे। पार्टी के अनुसार, दोपहर बाद करीब 3:30 बजे वह पार्टी के सांसदों, विधायकों, प्रदेश प्रभारी, सहप्रभारियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा करेंगे।
इसके बाद राहुल गांधी केपी इंटर कॉलेज मैदान पहुंचेंगे, जहां वह युवाओं से प्रतियोगी एवं भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक, नकल, बेरोजगारी समेत अन्य मुद्दों पर सीधे संवाद करेंगे। कार्यक्रम में राहुल गांधी अकेले मंच साझा करेंगे।
कांग्रेस नेताओं के मुताबिक कार्यक्रम में एक लाख से अधिक युवाओं के शामिल होने की संभावना है। शहर अध्यक्ष फुजैल हाशमी ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
छात्रों ने निकाली बाइक रैली
राहुल गांधी के छात्र संवाद कार्यक्रम से एक दिन पहले शुक्रवार को छात्रों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ भवन के बाहर बड़ी संख्या में NSUI, युवा कांग्रेस और शहर जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता जुटे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने झंडी दिखाकर बाइक रैली को रवाना किया।
रैली एलनगंज, गोविंदपुर, सलोरी और बघाड़ा समेत विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरी। इस दौरान युवाओं से ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई।
रैली के दौरान शहर अध्यक्ष फुजैल हाशमी, अनुग्रह नारायण, मुकुंद तिवारी, सुधाकर तिवारी, हरिकेश त्रिपाठी, किशोर वार्ष्णेय, हसीब अहमद, दिनेश यादव, रजनीश सिंह, परवेज अख्तर अंसारी, मनोज पासी, सौरभ पाण्डेय, आदेश शर्मा, सत्यम कुशवाहा और जीतेन्द्र तिवारी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Sunil Somvanshi

सुनील सोमवंशी वरिष्ठ पत्रकार है,उन्हें प्रिंट मीडिया एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया मे लंबे समय का अनुभव प्राप्त है, उन्होंने राजस्थान पत्रिका, न्यूज नेशन, प्राइम न्यूज, भारत एक्सप्रेस और बंसल न्यूज जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में लगातार अपनी सेवाएं दी है, वर्तमान में प्रयागराज में दैनिक पाड के संवाददाता के रूप में कार्यरत है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button