राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को प्रशासन की मंजूरी, 20 शर्तों के साथ 5 घंटे की अनुमति
प्रयागराज के केपी मैदान में राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को प्रशासन ने 20 शर्तों के साथ अनुमति दी। 8 अगस्त को शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक कार्यक्रम आयोजित होगा। नियमों के उल्लंघन पर अनुमति स्वतः निरस्त होगी।

प्रयागराज।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को प्रयागराज प्रशासन ने 20 शर्तों के साथ अनुमति दे दी है। यह कार्यक्रम 8 अगस्त को केपी मैदान में आयोजित होगा, जिसके लिए शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक पांच घंटे की अस्थायी अनुमति प्रदान की गई है।
प्रशासन के अनुसार, आयोजकों द्वारा 6 अगस्त को दिए गए आवेदन के बाद जॉर्जटाउन थाना, अभिसूचना विभाग, यातायात पुलिस, अग्निशमन विभाग सहित संबंधित विभागों से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) मिलने पर अनुमति जारी की गई।
प्रशासन ने रखीं 20 अहम शर्तें
अनुमति पत्र में स्पष्ट किया गया है कि कार्यक्रम के दौरान ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियम, 2000 का पूरी तरह पालन करना होगा। निर्धारित सीमा से अधिक ध्वनि होने पर पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
इसके अलावा कार्यक्रम के दौरान:
- कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी आयोजकों की होगी।
- किसी भी धर्म, जाति या समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक या भड़काऊ टिप्पणी नहीं की जाएगी।
- किसी राजनीतिक या गैर राजनीतिक संगठन के खिलाफ उत्तेजक भाषण से बचना होगा।
- हथियार और नशीले पदार्थ पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
- पार्किंग व्यवस्था ऐसी होगी जिससे यातायात बाधित न हो।
- पुलिस और प्रशासन के सभी निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा।
- बिजली, अग्नि सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुरक्षा प्रमाणपत्र पहले से उपलब्ध कराने होंगे।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी भी शर्त का उल्लंघन हुआ या कार्यक्रम के दौरान कानून व्यवस्था प्रभावित हुई, तो अनुमति स्वतः निरस्त मानी जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





