ताज़ा ख़बरप्रयागराज

प्रयागराज में सेप्टिक टैंक में उतरे दो मजदूरों की मौत, जहरीली गैस से दम घुटने की आशंका

प्रयागराज के औद्योगिक थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान के सेप्टिक टैंक में शटरिंग खोलने उतरे दो मजदूरों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में जहरीली गैस से दम घुटने की आशंका है। मामले की जांच जारी है।

प्रयागराज।

प्रयागराज के औद्योगिक थाना क्षेत्र के गणेशगंज, डेरी नेवादा समोगर गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में सेप्टिक टैंक के अंदर उतरे दो मजदूरों की मौत हो गई। दोनों मजदूर निर्माणाधीन मकान में बने सेप्टिक टैंक की शटरिंग खोलने के लिए अंदर गए थे। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में जहरीली गैस से दम घुटने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, धर्मेंद्र केसरवानी के निर्माणाधीन मकान में नया सेप्टिक टैंक बनाया गया था। सुबह करीब 10 बजे दो मजदूर टैंक के अंदर शटरिंग खोलने के लिए उतरे, लेकिन कुछ ही देर में दोनों बेहोश होकर गिर पड़े और बाहर नहीं निकल सके।

घटना की सूचना पर एसीपी करछना, औद्योगिक थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद दोनों मजदूरों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों में एक की पहचान बेंदौ गांव निवासी निहाल के रूप में हुई है, जबकि दूसरे मजदूर की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।

एडीसीपी विजय आनंद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दम घुटने से मौत की आशंका है। मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चलेगा। पुलिस ने ठेकेदार और मकान मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है तथा पूरे मामले की जांच जारी है।

Sunil Somvanshi

सुनील सोमवंशी वरिष्ठ पत्रकार है,उन्हें प्रिंट मीडिया एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया मे लंबे समय का अनुभव प्राप्त है, उन्होंने राजस्थान पत्रिका, न्यूज नेशन, प्राइम न्यूज, भारत एक्सप्रेस और बंसल न्यूज जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में लगातार अपनी सेवाएं दी है, वर्तमान में प्रयागराज में दैनिक पाड के संवाददाता के रूप में कार्यरत है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button