
प्रतापगढ़।
महुली गांव में हुए दर्दनाक हादसे के बाद जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुण्डा विधायक राजा भैया (कुंवर रघुराज प्रताप सिंह) शुक्रवार को पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए हर संभव सहायता का भरोसा दिया।
राजा भैया प्रदेश अध्यक्ष एवं बाबागंज विधायक विनोद सरोज के साथ महुली पहुंचे, जहां उन्होंने हादसे में अपने माता-पिता, भाई, पत्नी और बच्चों सहित छह परिजनों को खो चुके अमन श्रीवास्तव से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की।
छह लोगों की गई थी जान
गौरतलब है कि बुधवार देर रात मकान की छत गिरने से हुए हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मलबे में दबकर मौत हो गई थी। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
डीएम से ली राहत कार्यों की जानकारी
महुली जाने से पहले राजा भैया ने प्रतापगढ़ के जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय से मुलाकात की। उन्होंने प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवार को दी गई आर्थिक सहायता, राहत कार्यों और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
राजा भैया ने कहा कि इस दुख की घड़ी में उनकी पार्टी पूरी मजबूती से पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और हर संभव सहयोग किया जाएगा।
पूर्व विधायक और महिला आयोग की सदस्य भी पहुंचीं
पूर्व विधायक संजय त्रिपाठी भी महुली पहुंचे और पीड़ित अमन श्रीवास्तव से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
वहीं, राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा ने भी पीड़ित परिवार से मिलकर दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की और गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र के जर्जर मकानों का सर्वे कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
प्रशासन पर बढ़ी जिम्मेदारी
महुली हादसे के बाद क्षेत्र में जर्जर मकानों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने भी ऐसे भवनों का सर्वे कर समय रहते कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।





