चोरी के जेवरात लेकर भाग रहा था बदमाश, पुलिस से भिड़ा तो पैर में लगी गोली
प्रतापगढ़ के आसपुर देवसरा में पुलिस और एसओजी की मुठभेड़ में चोरी के मामले का वांछित आरोपी गोविंद सिंह गिरफ्तार। आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, अवैध तमंचा, कारतूस और खोखे बरामद किए।

प्रतापगढ़।
आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र में चोरी की घटना का खुलासा करने में पुलिस और एसओजी को बड़ी सफलता मिली है। चोरी के मुकदमे में वांछित आरोपी को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर आरोपी ने कथित तौर पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने पीछा कर घेराबंदी की और जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात के अलावा तमंचा, जिंदा कारतूस और दो खोखे बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार को आसपुर देवसरा पुलिस और एसओजी टीम चोरी के मुकदमे में वांछित आरोपी की तलाश में वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक से पहुंचे गोविंद सिंह पुत्र सुरेश बहादुर सिंह निवासी ग्राम गोड़े, थाना कोतवाली नगर को पुलिस टीम ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि पुलिस टीम को देखते ही आरोपी ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगा।
इसके बाद पुलिस टीम ने पीछा करते हुए घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी। गोली लगने के बाद वह घायल होकर गिर पड़ा, जिसे पुलिस ने दबोच लिया। घायल आरोपी को तत्काल पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
चोरी का माल और तमंचा बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से संबंधित मुकदमे में चोरी किए गए सोने और चांदी के जेवरात, एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखे बरामद किए हैं। पुलिस अब बरामद जेवरात को चोरी की घटना से जोड़ते हुए आरोपी से पूछताछ कर रही है। माना जा रहा है कि पूछताछ में चोरी की अन्य घटनाओं और उसके साथियों के संबंध में भी अहम जानकारी मिल सकती है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार और क्षेत्राधिकारी पट्टी प्रदीप सिंह के पर्यवेक्षण में की गई। थाना प्रभारी आसपुर देवसरा राकेश कुमार चौरसिया के नेतृत्व में थाना पुलिस, एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक अमित कुमार चौरसिया की टीम और सर्विलांस सेल की टीम कार्रवाई में शामिल रही। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बरामदगी के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।





