गोरखपुरताज़ा ख़बर

DDU गोरखपुर विश्वविद्यालय के 45वें दीक्षांत समारोह में छात्राओं का दबदबा, 85 मेधावियों को मिलेंगे 172 पदक

दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के 45वें दीक्षांत समारोह में 85 मेधावी विद्यार्थियों को 172 पदक प्रदान किए जाएंगे। 74 प्रतिशत पदक विजेता छात्राएं हैं। समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और पद्मभूषण डॉ. विजय कुमार सारस्वत शामिल होंगे।

गोरखपुर :

दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय (DDU) के 45वें दीक्षांत समारोह में इस बार छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। गुरुवार, 6 अगस्त को आयोजित होने वाले इस भव्य समारोह में 85 मेधावी विद्यार्थियों को कुल 172 पदकों से सम्मानित किया जाएगा। इनमें 63 छात्राएं और 22 छात्र शामिल हैं, यानी कुल पदक विजेताओं में लगभग 74 प्रतिशत हिस्सेदारी छात्राओं की है।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इस वर्ष दिए जाने वाले 172 पदकों में 80 विश्वविद्यालय पदक और 92 डोनर्स पदक शामिल हैं। समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी। वह 25 स्वर्ण पदक विजेताओं को अपने हाथों से सम्मानित करेंगी।

समारोह के मुख्य अतिथि पद्मभूषण डॉ. विजय कुमार सारस्वत अन्य मेधावी विद्यार्थियों को पदक प्रदान करेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि दीक्षांत समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और आयोजन को भव्य बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

विश्वविद्यालय का कहना है कि यह समारोह केवल मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने का अवसर नहीं होगा, बल्कि उन्हें राष्ट्र निर्माण, सामाजिक दायित्व और उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित भी करेगा।

दीक्षांत समारोह को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल है। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक, शिक्षक और अतिथि इस गरिमामय आयोजन के साक्षी बनेंगे।

Shivram Giri

शिवराम गिरि वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 17 वर्षों का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दैनिक जागरण, अमर उजाला और भारत समाचार जैसे देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। पत्रकारिता के हर माध्यम पर उनकी मज़बूत पकड़ उन्हें मीडिया जगत में एक विश्वसनीय आवाज बनाती है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी पहचान है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button