
प्रयागराज।
शाहगंज थाना क्षेत्र के गढ़ी कला मोहल्ले में मंगलवार को किराए के एक कमरे से दो महिलाओं और एक पुरुष के खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। तीनों मूक-बधिर थे। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना का पता उस समय चला जब सुबह पड़ोसियों ने कमरे का दरवाजा आधा खुला देखा। अंदर झांकने पर एक ही बिस्तर पर तीनों के शव पड़े मिले, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस के अनुसार, मृतक दंपति पिछले करीब छह महीने से गढ़ी कला स्थित एक मकान में किराए पर रह रहे थे और कबाड़ बीनकर अपना जीवनयापन करते थे। मकान मालकिन सुशीला देवी ने बताया कि सोमवार को एक महिला उनसे मिलने आई थी। उन्होंने उसे रिश्तेदार समझकर कोई पूछताछ नहीं की। मंगलवार सुबह कमरे का दरवाजा खुला मिलने पर पड़ोसियों ने अंदर देखा तो घटना का पता चला।
स्थानीय कबाड़ कारोबारी श्यामलाल ने बताया कि वह मृतक दंपति को करीब 20 वर्षों से जानते थे। उनके अनुसार, दोनों स्वयं को कोलकाता का निवासी बताते थे और उनका किसी से कोई विवाद नहीं था। उन्होंने यह भी बताया कि तीसरी महिला कभी-कभी उनके साथ कबाड़ बेचने आती थी।
डीसीपी सिटी मनीष शांडिल्य ने बताया कि किराए के कमरे से दो महिलाओं और एक पुरुष का शव मिला है। तीनों मूक-बधिर थे। प्रारंभिक जांच में पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





